सारण अपहरण कांड का खुलासा: सहकर्मी डॉक्टर ही निकला मास्टरमाइंड, छह गिरफ्तार
सारण जिले के चर्चित अपहरण मामले की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों के पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने मास्टरमाइंड डॉक्टर एसएन सिंह सहित कुल छह अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि डॉक्टर सजल के अपहरण और हत्या की साजिश उनके साथ रहने वाले एनेस्थेटिक डॉक्टर एसएन सिंह ने ही रची थी। प्रेस वार्ता में सारण एसएसपी डॉक्टर कुमार आशीष ने बताया कि मामले का सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया गया है और सभी मुख्य आरोपियों को पकड़ लिया गया है।
एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने स्वीकार किया कि डॉक्टर एसएन सिंह ने पूरा मास्टर प्लान तैयार कर उन्हें सुपारी के रूप में हायर किया था। गिरफ्तार आरोपियों में दहियांवा निवासी रंजन राय, अवतारनगर थाना क्षेत्र के सोनू राय, पटना जिले के बुद्धा कॉलोनी निवासी डॉ. एसएन सिंह उर्फ शिवनारायण सिंह, हरियाणा के बल्लभगढ़ निवासी मोंटी भारती और छपरा नगर थाना क्षेत्र के साहेबगंज निवासी धीरेज गिरी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा, एक पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और पांच खोखा बरामद किए, जबकि एनकाउंटर में रंजन राय और सोनू राय के पैर में गोली लगी।
एसएसपी के अनुसार मास्टरमाइंड डॉक्टर एसएन सिंह ने करीब एक करोड़ रुपये की फिरौती वसूलने की योजना बनाई थी। अपहरण के बाद डॉक्टर सजल की हत्या की भी साजिश थी, लेकिन समय रहते पुलिस की सघन कार्रवाई से पूरा षड्यंत्र बेनकाब हो गया। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सहयोगियों की भी तलाश कर रही है।
