टना महानगर अंतर्गत बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में बीएलए-2 एवं मंडल कोर कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में बड़ी संख्या में बीएलए-2 सदस्य और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में स्थानीय विधायक एवं भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष श्री नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत एवं सशक्त बनाने के साथ-साथ आने वाले समय की रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय रखने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन ने हाल ही में सम्पन्न विधानसभा चुनाव में मिली सफलता के लिए बीएलए-2 सदस्यों और सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनडीए को मिली प्रचंड जीत में बीएलए-2 की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है।
उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व एसआईआर अभियान के दौरान भी बीएलए-2 सदस्यों ने पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। नितिन नबीन ने स्पष्ट किया कि यह सफलता अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि पार्टी को अभी और लंबा सफर तय करना है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर सरकार बनाने का अवसर दिया है, जिससे सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं।
नितिन नबीन ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना भी है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने बिहार पर बड़ा भरोसा जताया है, जिस पर सभी कार्यकर्ताओं को खरा उतरना होगा।
इस बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जिला अध्यक्ष रूप नारायण मेहता, क्षेत्रीय प्रभारी संजय खंडेलिया, पटना की उप महापौर श्रीमती रश्मि चंद्रवंशी, धनराज शर्मा सहित मंडल के अधिकांश पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का मंच संचालन जिला महामंत्री श्री अजित कुमार लाली ने किया।
