प्रभु यीशु के जन्म दिवस यानी क्रिसमस का पर्व पूरे देश की तरह राजधानी लखनऊ में भी बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न चर्चों में ईसाई समुदाय के लोग बड़ी संख्या में प्रार्थना करने पहुँचे, वहीं बच्चों ने क्रिसमस कैरल गाकर सभी को शुभकामनाएँ दीं और उत्सव का माहौल और भी खुशनुमा बना दिया। खूबसूरत लाइटिंग, रंग-बिरंगी सजावट और नैटिविटी सीन से सजे चर्चों में देर रात तक श्रद्धालुओं और अन्य समुदायों के लोग दर्शन के लिए आते रहे।
हजरतगंज क्षेत्र क्रिसमस की रात खास आकर्षण का केंद्र रहा, जहाँ रोशनी और सजावट से सजी सड़कों पर लोगों की भीड़ देखते ही बन रही थी। राजधानी के लालबाग स्थित एपीफेनी चर्च, आलमबाग के होली रिडीमर चर्च, सेंट्रल मेथडिस्ट, एबीसी चर्च, द क्राइस्ट चर्च समेत तमाम गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएँ आयोजित की गईं। मध्यरात्रि प्रार्थना के बाद केक काटकर यीशु के जन्म की खुशियाँ मनाई गईं, कैरल सिंगिंग की गई और प्रभु यीशु के जन्म पर आधारित नाटक का मंचन कर लोगों को शांति, प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया गया।
