सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाशपर्व के पावन अवसर पर बिहार के राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान ने तख़्त श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचकर श्रद्धा भाव से अरदास में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
प्रकाशपर्व के अवसर पर राज्यपाल ने मंगल तालाब स्थित मातृ-शिशु कल्याण केंद्र परिसर में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के चार साहिबजादों के नाम पर स्थापित किए जाने वाले एमआरआई और सीटी स्कैन सेंटर की भवन निर्माण आधारशिला भी रखी। यह केंद्र स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
राज्यपाल श्री आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि चार साहिबजादों के नाम पर बनने वाला यह एमआरआई और सीटी स्कैन सेंटर गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क जांच सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल मानव कल्याण, सेवा और समानता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का कार्य करेगी, जो गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के आदर्शों के अनुरूप है।
इस अवसर पर स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर इस धार्मिक और सामाजिक महत्व के अवसर को श्रद्धा, सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया।
