उन्नाव रेप केस में अभियुक्त को जमानत मिलने के बाद कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर भाजपा सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस के प्रदर्शन को पूरी तरह निरर्थक बताते हुए कहा कि इसका कोई औचित्य नहीं है। सिग्रीवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं में देश के प्रति समर्पण की कमी है और वे भारत में भी और विदेशों में जाकर भी भारत के खिलाफ बयानबाजी करते हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की राष्ट्रीयता और नीयत पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह नकार दिया है, यही कारण है कि लोग उन्हें वोट नहीं दे रहे हैं। जनता उनके पुराने कार्यों और शासनकाल को देखकर उन्हें अस्वीकार कर चुकी है, ऐसे में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने का कोई मतलब नहीं रह जाता।
महबूबा मुफ्ती की बेटी द्वारा दिए गए बयान—“न इंडिया, न भारत, न हिंदुस्तान, नाम है लिंचिस्तान”—पर प्रतिक्रिया देते हुए जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि यह बयान पूरी तरह गलत और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह भारत है, यह हिंदुस्तान है और जब तक सूरज और चांद रहेंगे, तब तक भारत और हिंदुस्तान रहेंगे। भारत की अस्मिता और पहचान सदैव बनी रहेगी।
कांग्रेस नेता शशि थरूर के उस बयान पर भी सिग्रीवाल ने प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रधानमंत्री की विदेश नीति पर सवाल उठाने से देश की बदनामी होती है। इस पर भाजपा सांसद ने कहा कि शशि थरूर की बात बिल्कुल सही है, इसी वजह से उनकी ही पार्टी के कई नेता उनसे नाराज रहते हैं। उन्होंने कहा कि देश के भीतर किसी भी मुद्दे पर चर्चा और आलोचना की जा सकती है, लेकिन विदेश जाकर भारत के खिलाफ बयान देना देशविरोधी सोच को दर्शाता है।
इसके अलावा थाईलैंड में भगवान विष्णु की मूर्ति गिराए जाने की घटना और इसके बाद उठ रही ‘बॉयकॉट थाईलैंड’ की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि भगवान राम और भगवान विष्णु पूरी दुनिया में पूजनीय हैं। यदि थाईलैंड में ऐसी कोई घटना हुई है तो वह निंदनीय है और ऐसा नहीं होना चाहिए।
