मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इसमें भाषा की ताकत को राष्ट्रीय एकता की शक्ति के रूप में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भारत की विविधता में निहित एकात्मता के भाव को और अधिक समृद्ध किया है।
सीएम योगी ने कहा कि ‘काशी तमिल संगमम्’ के माध्यम से देशभर के बच्चों और युवाओं के बीच तमिल भाषा के प्रति बढ़ता आकर्षण इस बात का प्रमाण है कि भाषा भारत की सांस्कृतिक सेतु है, जो विभिन्न क्षेत्रों और संस्कृतियों को आपस में जोड़ती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष वाराणसी में ‘Let us Learn Tamil – तमिल करकलम्’ थीम के तहत 50 से अधिक विद्यालयों में विशेष अभियान चलाया गया। यह पहल ‘एक भारत–श्रेष्ठ भारत’ की भावना को नई ऊर्जा देने वाली है और इससे भाषाई समरसता को बढ़ावा मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास भारत की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करते हैं और युवाओं को देश की विविध भाषाओं और परंपराओं से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं।
