प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 129वें एपिसोड को जनपद संभल के चंदौसी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक टीवी पर देखा। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने पूरे मनोयोग से प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और उनके संदेशों पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2025 की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस साल ने देश में नया आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा पैदा की है। उन्होंने कहा कि इन उपलब्धियों के आधार पर भारत और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वर्ष 2026 में वह और अधिक उमंग और उत्साह के साथ ‘मन की बात’ के माध्यम से देशवासियों से जुड़ेंगे।
प्रधानमंत्री ने ‘विकसित भारत’ के संकल्प को सिद्ध करने का भरोसा जताते हुए लोगों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने देशवासियों से फिट इंडिया मूवमेंट से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के कच्छ में आयोजित रण उत्सव का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन देश-विदेश के लोगों को आकर्षित कर रहा है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने महिलाओं की वर्ल्ड कप जीत की भी सराहना की और इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने युवाओं से देशभर में हो रहे विभिन्न कार्यक्रमों और अभियानों से जुड़ने का आग्रह किया, ताकि वे राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर भाजपा जिला कोषाध्यक्ष अंकित जैन ने बताया कि प्रधानमंत्री ने मन की बात में कच्छ के रण उत्सव की जानकारी दी, जिससे अब तक दो लाख से अधिक लोग जुड़ चुके हैं। वहीं, भाजपा कार्यकर्ता शुभम अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से युवाओं से ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की, जिससे उनमें देश के प्रति जिम्मेदारी और जुड़ाव की भावना बढ़े।
