पटना जिले में औद्योगिक गतिविधियों को नई दिशा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से फतुहा इंडस्ट्रियल एरिया में उद्यमी संवाद सह उद्योग वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी त्यागराजन एस. एम. ने उद्यमियों और आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अपेक्षाओं को गंभीरता से सुना।
उद्योग वार्ता को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार के सात निश्चय–3 कार्यक्रम के अंतर्गत उद्योगों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक विस्तार के माध्यम से जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति देना सरकार का मुख्य उद्देश्य है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
जिलाधिकारी ने बताया कि वर्ष 1974 में स्थापित फतुहा इंडस्ट्रियल एरिया में वर्तमान में लगभग 137 औद्योगिक इकाइयां संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि इस औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार की योजना पर कार्य किया जा रहा है और यहां मौजूद बुनियादी समस्याओं का चरणबद्ध समाधान किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक निवेश और रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकें।
उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन उद्योगों के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। प्रशासन का प्रयास है कि फतुहा इंडस्ट्रियल एरिया आने वाले समय में पटना जिले के औद्योगिक विकास का एक सशक्त और प्रभावी केंद्र बन सके।
