बिहार पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। बेगूसराय जिले में शुक्रवार देर शाम एसटीएफ और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात नक्सली एरिया कमांडर मारा गया। यह मुठभेड़ तेघड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कभी नक्सल प्रभावित रहे नोनपुर गांव के समीप हुई।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित कई वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि नोनपुर गांव निवासी नक्सली एरिया कमांडर दयानंद मालाकार अपने गांव में सक्रिय है और किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है।
दयानंद मालाकार को छोटू, दमन, कुलवीर और आकाश जैसे नामों से भी जाना जाता था। सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने दोपहर बाद नोनपुर गांव के समीप बहियार इलाके में उसे घेर लिया। खुद को घिरता देख दयानंद ने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार मारे गए नक्सली दयानंद मालाकार पर बेगूसराय, खगड़िया और मुजफ्फरपुर जिलों समेत विभिन्न थानों में हत्या, विस्फोटक अधिनियम, आर्म्स एक्ट सहित गंभीर अपराधों के 16 से अधिक मामले दर्ज थे।
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद करने की पुष्टि की है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
