बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ के तहत अब राज्य के बुजुर्गों को घर पर ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे लाखों वरिष्ठ नागरिकों को अस्पतालों के बार-बार चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
सीएम नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि 24 नवंबर 2005 से उनकी सरकार न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर चलते हुए सभी वर्गों के उत्थान और हर क्षेत्र के विकास के लिए काम कर रही है। पूरे बिहार को परिवार मानकर सभी के मान-सम्मान का ख्याल रखा गया है। अब हर वर्ग के लोग सम्मानपूर्ण जीवन जी सकें, इसके लिए गंभीरता से कार्य शुरू किया गया है।
‘सात निश्चय-3’ (2025-2030) का उद्देश्य बिहार को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों में शामिल करना है। इसका सातवां निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ नागरिकों के जीवन को सरल और कठिनाइयों से मुक्त बनाने पर केंद्रित है।
इसके तहत वरिष्ठ नागरिकों को घर पर नर्सिंग सहायता, पैथोलॉजी जांच (जैसे ब्लड टेस्ट), ब्लड प्रेशर जांच, ईसीजी, फिजियोथेरेपी और आपातकालीन स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय मदद उपलब्ध होगी। स्वास्थ्य विभाग को इन सुविधाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम नीतीश ने जनता से सुझाव भी मांगे हैं कि बुजुर्गों के जीवन को और आसान बनाने के लिए क्या अतिरिक्त सुविधाएं दी जा सकती हैं। सुझाव ईमेल cm-secretariat-bih@gov.in पर या डाक से भेजे जा सकते हैं।
