रोहतास जिले के डेहरी नगर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा किया है। थाना कांड संख्या 05/26 के तहत पुलिस ने तीन महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 1 लाख 32 हजार 850 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
डीएसपी अतुलेश झा ने बताया कि यह गिरोह मुख्य रूप से राज्य से बाहर के अविवाहित पुरुषों को लक्ष्य बनाता था। फर्जी शादी का आयोजन कर रुपये और आभूषण लेकर आरोपी फरार हो जाते थे। हाल ही में क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला प्रकाश में आया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल स्तर पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसमें डेहरी नगर थानाध्यक्ष और डीआईयू की टीम शामिल थी। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जया कुमारी पटेल और रागिनी देवी उर्फ झुनी देवी को हिरासत में लिया। पूछताछ में रागिनी देवी ने पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने गिरोह के तीन अन्य सदस्यों को भी धर दबोचा। सभी आरोपियों से बरामद सामान की कुल कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच जारी रखे हुए है।
