बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के शताब्दी वर्ष और ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टैक्स प्रैक्टिशनर्स की स्वर्ण जयंती के अवसर पर बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स में दो दिवसीय राष्ट्रीय कर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में देशभर से आयकर और जीएसटी से जुड़े प्रमुख विशेषज्ञ, अधिवक्ता और कर सलाहकार भाग ले रहे हैं।
बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष पी. के. अग्रवाल ने बताया कि इस सम्मेलन में 400 से अधिक अधिवक्ता और कर सलाहकार हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य कर कानून में हो रहे नवीन परिवर्तनों पर विस्तृत चर्चा करना और करदाताओं तथा पेशेवरों को अद्यतन एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
सम्मेलन के दौरान कर कानून, जीएसटी नीतियों और कर अनुपालन से जुड़े विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं। इन सत्रों में वरिष्ठ विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा कर रहे हैं और करदाताओं तथा पेशेवरों के लिए उपयोगी मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं, ताकि वे बदलते नियमों के अनुरूप बेहतर ढंग से कार्य कर सकें।
