बिहार में सुशासन, विकास और समृद्धि के संकल्प के साथ चल रही ‘समृद्धि यात्रा’ के क्रम में आज सीतामढ़ी और शिवहर जिलों का दौरा किया गया। इस दौरान विभिन्न योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया गया और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
सीतामढ़ी में कुल 346 करोड़ रुपये की लागत की 41 योजनाओं का शिलान्यास तथा 208.12 करोड़ रुपये की 26 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। भ्रमण के दौरान बेलसंड प्रखंड के चंदौली पुल का उद्घाटन किया गया और बागमती तटबंध का निरीक्षण भी किया गया। इसके अलावा चंदौली स्थित हितनारायण उच्च विद्यालय में पुस्तकालय, ओपन जिम और नक्षत्र वाटिका का उद्घाटन किया गया।
वहीं शिवहर जिले में 17 करोड़ रुपये की लागत की 28 योजनाओं का शिलान्यास और 42 करोड़ रुपये की 75 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। यात्रा के दौरान देकुलीधाम मंदिर परिसर का उद्घाटन और निरीक्षण किया गया। साथ ही जिले में नवनिर्मित बस स्टैंड का उद्घाटन तथा पूर्व में घोषित योजनाओं का भी शिलान्यास और उद्घाटन किया गया।
भ्रमण के दौरान दोनों जिलों में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन तय समयसीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी ढंग से पहुंचे और जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय व संवेदनशील रहे। यात्रा के दौरान दोनों जिलों में जन-संवाद कार्यक्रम में भी लोगों को संबोधित किया गया।
