मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के तहत सीतामढ़ी जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण और शिलान्यास किया गया। जिलाधिकारी रिची पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री ने बेलसांड प्रखंड के चंदौली पंचायत में बागमती नदी पर बने पुल के चौड़ीकरण कार्य का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने कुल 1,378 करोड़ रुपये की लागत वाली अन्य विकास परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने 554 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली 67 योजनाओं का शिलान्यास किया।
जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि सरकार की नई पहल के तहत जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से प्राप्त आवेदनों की संख्या और उनके समयबद्ध निष्पादन की समीक्षा की जाएगी, ताकि प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाया जा सके।
इसके अलावा, शिक्षक अभाव के कारण बच्चों के अन्य जिलों या राज्यों में पढ़ाई के लिए जाने की समस्या को देखते हुए ‘बोध्यायन क्लास’ योजना शुरू की जाएगी। इस पहल के तहत सेवानिवृत्त और निजी शिक्षक ऑनलाइन माध्यम से छात्रों को शिक्षा प्रदान करेंगे, जिससे अधिक से अधिक बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।
