कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक पिस्टल और एक मैगजीन बरामद की गई है।
कटिहार के पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि सहायक थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि गौशाला मोहल्ला में एक युवक अवैध हथियार लेकर अपने घर में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद सहायक थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी कर छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल वैभव, उम्र 22 वर्ष, निवासी गौशाला मोहल्ला बताया।
तलाशी लेने पर उसके पास से एक पिस्टल और एक मैगजीन बरामद की गई, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में नगर (सहायक) थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
