मध्यप्रदेश के मंदसौर में गुरुवार को सामूहिक वंदे मातरम गायन का भव्य आयोजन किया गया। शहर के नूतन स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया और देशभक्ति के वातावरण में वंदे मातरम का सामूहिक गायन किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उपस्थित बच्चों को भारत की गौरवशाली परंपरा, समृद्ध संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में देशप्रेम, राष्ट्र के प्रति सम्मान और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने मंच से देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गीत, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। आयोजन के अंत तक पूरा स्टेडियम देशभक्ति के नारों और उत्साह से गूंजता रहा।
