प्रयागराज में माघ मेले के चौथे स्नान पर्व बसंत पंचमी के अवसर पर श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा है। ब्रह्म मुहूर्त से ही संगम तट सहित सभी प्रमुख स्नान घाटों पर श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान शुरू कर दिया। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बावजूद आस्था का उत्साह कम नहीं हुआ और श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव के साथ संगम में डुबकी लगाते नजर आए।
बसंत पंचमी के दिन मां सरस्वती की पूजा, स्नान और दान का विशेष महत्व माना जाता है। इसी आस्था के चलते सुबह से अब तक लाखों श्रद्धालु संगम में पवित्र स्नान कर चुके हैं। प्रशासन के अनुमान के अनुसार, इस स्नान पर्व पर करोड़ों श्रद्धालुओं के माघ मेले में पहुंचने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था के लिए मेला क्षेत्र में करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबा स्नान घाट विकसित किया गया है। सभी स्नान घाटों पर जल पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी और प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती की गई है।
इसके अलावा मेला क्षेत्र में पुलिस बल, आरएएफ, बम निरोधक दस्ता और खुफिया एजेंसियां भी पूरी तरह मुस्तैद हैं। श्रद्धालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है और श्रद्धालुओं से सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।
