उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने के एक वर्ष पूरे होने पर सभी जिलों में यूसीसी दिवस मनाया जा रहा है। चमोली जिले के गोपेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यूसीसी और उससे संबंधित जनजागरूकता प्रस्तुत की।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में विवाह पंजीकरण का 53 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा चुका है। इसके साथ ही जिले के 60 ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के 3 वार्डों में यूसीसी पंजीकरण शत-प्रतिशत पूर्ण हो चुका है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि समान नागरिक संहिता महिलाओं को कानूनी सुरक्षा और सामाजिक समानता के अधिकार प्रदान करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि धर्म या परंपरा के नाम पर होने वाले भेदभाव में कमी लाने में यह कानून सहायक होगा। इसके अलावा, विवाह और पारिवारिक मामलों में एकरूपता आने से विवादों में भी कमी आएगी।
