स्वच्छ भारत मिशन (अर्बन) 2.0 के अंतर्गत पटना नगर निगम द्वारा गुलज़ारबाग स्टेडियम में सफाईकर्मियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए विशेष कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य कैंसर की समय रहते पहचान कर प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि नगर निगम के सफाईकर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके योगदान के बिना स्वच्छ एवं स्वस्थ पटना की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि निगम अपने सभी कर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है और इसी दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम है।
जनस्वास्थ्य से जुड़ी इस पहल के तहत सफाईकर्मियों, उनके परिजनों तथा अन्य नगर निगम कर्मचारियों के लिए निःशुल्क कैंसर जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श भी दिया गया, जिससे प्रतिभागियों को रोग की प्रारंभिक अवस्था में सही मार्गदर्शन मिल सके।
नगर आयुक्त ने बताया कि इस प्रकार के विशेष कैंसर जांच शिविर पटना नगर निगम के सभी वार्डों में चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक सफाईकर्मी और निगम कर्मचारी इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि समय पर जांच से न केवल जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि उपचार की सफलता की संभावना भी बढ़ जाती है।
नगर निगम की इस पहल को सफाईकर्मियों और उनके परिवारजनों ने सराहा और इसे उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण की दिशा में एक सकारात्मक और संवेदनशील प्रयास बताया।
