बिहार में शराबबंदी लागू होने के कई वर्ष बीत जाने के बावजूद शराब तस्करों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। मोहनिया थाना क्षेत्र से गुजरने वाली एनएच-19 स्थित मध्य निषेध समेकित जांच चौकी पर उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।
उत्पाद विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर उत्तर प्रदेश से बिहार की ओर आ रही एक यात्री बस को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान बस में रखे गए पनहेरी सामान में छिपाकर ले जाए जा रहे 11 झोलों से कुल 485 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
इस कार्रवाई के दौरान तीन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नालंदा जिले के खुदागंज निवासी सूर्य देव गोस्वामी, गया जिले के गुरुवा निवासी शंभू गोस्वामी और औरंगाबाद जिले के खैरा निवासी पवन कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे वाराणसी (बनारस) से शराब लेकर नालंदा के खुदागंज में डिलीवरी देने जा रहे थे। बरामद शराब की बाजार कीमत लगभग 5 लाख रुपये आंकी गई है।
इस संबंध में उत्पाद निरीक्षक गुंजेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों के विरुद्ध बिहार मध्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि चेक पोस्टों पर कड़ी निगरानी और लगातार पेट्रोलिंग के बावजूद शराब तस्कर लग्जरी वाहनों के बजाय आम यात्री बसों का इस्तेमाल कर तस्करी को अंजाम दे रहे हैं। गांव-गांव तक शराब की होम डिलीवरी जारी है, जो शराबबंदी की जमीनी हकीकत को उजागर करती है। प्रशासन की सख्ती के बावजूद तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर कानून को खुली चुनौती दे रहे हैं।
