अल्मोड़ा के हेमवती नंदन बहुगुणा खेल स्टेडियम में खेल विभाग द्वारा स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत अनुसूचित जाति वर्ग के अंडर-21 बालक खिलाड़ियों के लिए राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों से उभर रहे खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
प्रतियोगिता में अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चम्पावत सहित कुल आठ जनपदों के लगभग 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला और खेल के प्रति युवाओं में उत्साह भी बढ़ा है।
जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या ने बताया कि इस तरह की प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना और उन्हें राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि सरकार और खेल विभाग लगातार प्रयास कर रहे हैं कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान कर उन्हें सही मार्गदर्शन दिया जाए।
प्रतियोगिता के दौरान आज सेमीफाइनल मुकाबला पौड़ी और चम्पावत जनपद की टीमों के बीच खेला गया। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए पौड़ी की टीम ने जीत हासिल कर फाइनल में अपनी जगह बना ली। मैच के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त जोश और खेल भावना देखने को मिली।
प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। स्थानीय खेल प्रेमियों ने भी इस आयोजन की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताएं आयोजित होती रहेंगी, जिससे प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूती मिलेगी।
