अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में खुशी की लहर है। खास तौर पर बिहार में जश्न का माहौल है क्योंकि बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल मुकाबले में धमाकेदार पारी खेलकर टीम इंडिया को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। बिहार सरकार के कई नेताओं, मंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों ने भारतीय टीम को बधाई दी और वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन की जमकर तारीफ की।
भारत ने फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप खिताब अपने नाम किया। इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने महज 80 गेंदों में 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर इतिहास रच दिया। उनकी पारी की बदौलत भारत ने 411 रन का विशाल स्कोर बनाया और इंग्लैंड को 311 रन पर रोक दिया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भारतीय टीम को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतना पूरे देश के लिए गर्व की बात है और इस जीत से देश के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने वैभव सूर्यवंशी की ऐतिहासिक पारी को बिहार और देश के युवाओं के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि 80 गेंदों में 175 रन की पारी खेलकर वैभव ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। इस पारी में उन्होंने तेज शतक और सबसे ज्यादा छक्के लगाने जैसे कीर्तिमान भी बनाए, जो युवा खिलाड़ियों के लिए मिसाल हैं।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि भारत की जूनियर क्रिकेट टीम का विश्व चैंपियन बनना देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खास तौर पर बिहार के खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी पारी ने इस जीत को ऐतिहासिक बना दिया।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी भारतीय टीम को बधाई देते हुए कहा कि युवा खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण ने हर भारतीय का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह जीत भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है।
बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि यह पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है कि बिहार का बेटा विश्व मंच पर शानदार प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है और भविष्य में राज्य से और भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलेंगे।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम को फाइनल में 100 रन से हराना भारतीय टीम की मजबूती और संतुलन को दिखाता है। उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की पारी इस जीत का टर्निंग पॉइंट साबित हुई।
मंत्री संतोष सुमन ने कहा कि वैभव सूर्यवंशी की पारी बिहार और देश की प्रतिभा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हर युवा खिलाड़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रेरित करेगी।
फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए गेंदबाजों पर पूरी तरह दबाव बनाए रखा। उनकी इस पारी को अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे शानदार पारियों में से एक माना जा रहा है। उनकी बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा बनाए रखा और शानदार तरीके से खिताब जीता।
इस जीत के साथ भारत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि युवा क्रिकेट में उसका दबदबा कायम है और आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट का भविष्य बेहद मजबूत दिखाई देता है।
