बिहार को खेल क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन और खेल विकास को बढ़ावा देने के प्रयासों के लिए बड़ा सम्मान मिला है। Sports Star Aces Awards 2026 में बिहार को ‘Best State Promoting Sports’ के रूप में चुना गया है। इस उपलब्धि को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुशी जताई और इसे पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय बताया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1 अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में Sports Star Aces के प्रतिनिधिमंडल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में खेलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है और अब इन प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।
यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड एक अनुभवी जूरी द्वारा दिया गया, जिसके चेयरमैन महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर हैं। जूरी में ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट अभिनव बिंद्रा, शतरंज ग्रैंडमास्टर विश्वनाथन आनंद, शूटिंग स्टार अंजलि भागवत, बैडमिंटन खिलाड़ी अपर्णा पोपट और एम.एम. सोमैया जैसे प्रसिद्ध खेल व्यक्तित्व शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने इस सम्मान के लिए प्रतिनिधिमंडल और बिहार के खिलाड़ियों, कोच और खेल से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
