प्रदेश में आम जनता तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अभियान के तहत राज्यभर में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक प्रदेश में 614 शिविरों का सफल आयोजन किया जा चुका है। इन शिविरों के माध्यम से अब तक 4 लाख 80 हजार से अधिक नागरिकों को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाया गया है। इससे आम जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिली है और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं है, बल्कि उनका वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही का मजबूत उदाहरण बनकर उभरा है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक शिविर में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान ही सरकार की प्राथमिकता है।
धामी सरकार द्वारा शुरू किया गया यह अभिनव अभियान प्रदेश में सरल, सुलभ और संवेदनशील प्रशासन स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस पहल से जहां जनता का सरकार पर विश्वास मजबूत हो रहा है, वहीं सुशासन के मॉडल को भी और प्रभावी बनाया जा रहा है।
