युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, पीजी कॉलेज गोपेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में विकसित भारत युवा संसद 2026 का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री और महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम.पी. नंगवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान “आपातकाल के 50 वर्ष — भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख” विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों ने लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया।
अपने संबोधन में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने और उन्हें जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
वहीं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एम.पी. नंगवाल ने कहा कि लोकतंत्र तभी सशक्त बन सकता है, जब समाज में विचार व्यक्त करने की स्वतंत्रता सुरक्षित रहे। उन्होंने बताया कि आपातकाल के दौरान यह स्वतंत्रता प्रभावित हुई थी, जिससे देश को महत्वपूर्ण सीख मिली। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति जागरूक करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
