हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नारायणगढ़ के गांव कड़ासन में विवेकानंद उत्थान समिति के तत्वावधान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में महान संत स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद भारतीय राष्ट्रीय चेतना के जागरण के प्रतीक रहे हैं और उनके विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का जीवंत केंद्र है। उन्होंने कहा कि जब भी युवा इस प्रतिमा को देखेंगे, उनके मन में समाज सेवा, राष्ट्र निर्माण और सकारात्मक बदलाव के लिए कार्य करने का संकल्प जागृत होगा। स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर चलते हुए युवा देश को नई दिशा दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान समिति द्वारा बेटियों को सिलाई मशीनें भी वितरित की गईं। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बेटियों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा और उनका भविष्य अधिक सशक्त एवं उज्ज्वल बनेगा। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज और राष्ट्र के विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है।
