जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम की ऐतिहासिक पहली रणजी ट्रॉफी जीत पर उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने टीम को बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के खेल इतिहास का नया अध्याय बताया है।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर का दौरा किया है और केंद्र शासित प्रदेश में हर क्षेत्र में हो रहे विकास को देखा है। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक खेल उपलब्धि क्षेत्र के बढ़ते आत्मविश्वास, प्रतिभा और नई आकांक्षाओं को दर्शाती है। आज जम्मू-कश्मीर नई उम्मीद, गर्व और संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत को टीम के अद्भुत साहस, अनुशासन और जुनून का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए गर्व का क्षण है और यह उपलब्धि क्षेत्र में खेल प्रतिभा और खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह को उजागर करती है। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह जीत देश के युवाओं को बड़े सपने देखने और खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह जीत पूरे देश को गर्व से भर देने वाला क्षण है और यह जम्मू-कश्मीर के युवाओं की नई पहचान को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि शांति, प्रगति और समृद्धि का मंत्र ही नए जम्मू-कश्मीर की दिशा तय कर रहा है।
