नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए बिहार की जनता का पिछले दो दशकों से मिले विश्वास और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक संदेश जारी कर कहा कि जनता के भरोसे और सहयोग के बल पर ही वे लगातार बिहार की सेवा करते रहे हैं।
नीतीश कुमार ने कहा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से बिहार की जनता ने उन पर भरोसा बनाए रखा है। इसी विश्वास और समर्थन की ताकत से उन्होंने राज्य और यहां के लोगों की पूरी निष्ठा के साथ सेवा करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि जनता के भरोसे की वजह से ही आज बिहार विकास और सम्मान के एक नए आयाम की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के लोगों के विश्वास के कारण ही राज्य ने कई क्षेत्रों में प्रगति की है और आज देश में अपनी एक नई पहचान बनाई है। इसके लिए वे पहले भी कई बार जनता का आभार व्यक्त कर चुके हैं और एक बार फिर उन्होंने लोगों के समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
नीतीश कुमार ने अपने संसदीय जीवन की शुरुआत को याद करते हुए कहा कि जब उन्होंने राजनीति में कदम रखा था, तभी से उनके मन में एक इच्छा थी कि वे बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों के सदस्य बनें। इसी इच्छा को ध्यान में रखते हुए वे इस बार होने वाले चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाहते हैं।
उन्होंने बिहार की जनता को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी उनका यह संबंध और जुड़ाव बना रहेगा। उन्होंने कहा कि वे आगे भी लोगों के साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए काम करते रहेंगे।
नीतीश कुमार ने यह भी कहा कि जो नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि बिहार के विकास और प्रगति के लिए उनका समर्पण आगे भी पहले की तरह जारी रहेगा।
