बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सुपौल जिले में विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने 435 करोड़ रुपये की लागत से 84 विकास योजनाओं का शिलान्यास किया, जबकि 135 करोड़ रुपये की लागत से 129 योजनाओं का उद्घाटन किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विकासात्मक और कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सुपौल जिले में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 605 करोड़ रुपये की लागत से लोहिया मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुपौल में नए बस स्टैंड का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अलावा निर्मली में रिंग बांध का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की आधारभूत संरचना को बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सुपौल जिले में सुरसर नदी के जीर्णोद्धार का कार्य भी चल रहा है। इसके साथ ही सुपौल से खगड़िया तक नई सड़कों के निर्माण का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे आवागमन सुविधाजनक होगा और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य बिहार के सभी जिलों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार ऐसे कदम उठा रही है, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार चौधरी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
