बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में आज सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ देर के लिए स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 3.7 मापी गई। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, भूकंप पूर्वाह्न 11 बजकर 47 मिनट पर आया। इसका केंद्र 30.047 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 79.901 डिग्री पूर्वी देशांतर पर जमीन से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। झटके कम तीव्रता के होने के कारण जिले में कहीं से भी जान-माल या किसी बड़े नुकसान की कोई खबर प्राप्त नहीं हुई है। आपदा प्रबंधन विभाग पूरी स्थिति पर सतर्कता से नजर रखे हुए है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सतर्क रहें।
