उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के आज अपने गृह क्षेत्र खटीमा आगमन पर जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। हेलीपैड से लेकर सीएसडी कैंटीन तक आयोजित भव्य रोड शो के दौरान सड़कों के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ जमा रही और पूरे रास्ते मुख्यमंत्री का जोरदार अभिनंदन किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर स्थानीय नागरिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री पर फूलों की भारी वर्षा की और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत कर अपने प्रिय नेता के प्रति अटूट स्नेह प्रदर्शित किया। मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया और उनके इस अपार प्रेम के प्रति आभार व्यक्त किया।
जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खटीमा की पावन धरा पर मिला यह सम्मान और जनता का अटूट विश्वास ही उन्हें प्रदेश की सेवा के लिए निरंतर ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जनता का यही भरोसा और स्नेह हमें विकास के पथ पर आगे बढ़ने और पूर्ण समर्पण के साथ जनसेवा करने के लिए प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री ने विश्वास दिलाया कि वे राज्य के चहुंमुखी विकास और जन-आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध होकर कार्य करते रहेंगे। इस दौरान भारी संख्या में गणमान्य नागरिक, क्षेत्र के प्रतिनिधि और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे जिन्होंने मुख्यमंत्री के इस भव्य रोड शो और स्वागत कार्यक्रम में सहभागिता की।
