लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) और यूनिसेफ के संयुक्त तत्वावधान में आज पटना में एक महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला का मुख्य विषय ‘जलवायु परिवर्तन के प्रति लचीले एवं टिकाऊ भूजल प्रबंधन’ पर केंद्रित रहा।
कार्यशाला का प्राथमिक उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच अभिसरण (कन्वर्जेंस) दृष्टिकोण अपनाकर राज्य में जल सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विशेषज्ञों और अधिकारियों ने इस दौरान भूजल पुनर्भरण (Groundwater Recharge), जल-भूविज्ञान मानचित्रण (Hydrogeological Mapping) और जल प्रबंधन में सामुदायिक भागीदारी जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
चर्चा के दौरान अटल भूजल योजना जैसी महत्वपूर्ण सरकारी पहलों को एकीकृत करने पर जोर दिया गया, ताकि कृषि और पेयजल की जरूरतों के लिए स्थायी समाधान विकसित किए जा सकें। वक्ताओं ने कहा कि बदलती जलवायु के बीच जल स्रोतों को बचाना और उनका वैज्ञानिक प्रबंधन करना भविष्य की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
