उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट आज अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विधि-विधान के साथ खोल दिए गए हैं। आकाशवाणी संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:15 बजे और यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:35 बजे श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए हैं। इस पावन अवसर के साथ ही राज्य में चारधाम यात्रा का औपचारिक रूप से शुभारंभ हो गया है।
इन मंदिरों के कपाट खोलने की प्रक्रिया कल से ही शुरू हो गई थी और दोनों धामों को कई क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है। मां गंगा की डोली कल दोपहर अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा से सेना के बैंड और स्थानीय वाद्ययंत्रों की धुन के बीच गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई थी, जिसने भैरवघाटी में रात्रि विश्राम के बाद आज सुबह गंगोत्री धाम में प्रवेश किया। इसी प्रकार, मां यमुना की डोली आज सुबह खरसाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई और वहां पहुंचने के बाद दोनों मंदिरों के कपाट ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस अवसर पर गंगोत्री धाम में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा के दृष्टिकोण से इस वर्ष सभी मंदिरों में हाई-टेक कैमरों से निगरानी की जाएगी। इसके अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों की पर्याप्त तैनाती की गई है। यात्रा मार्गों और धामों पर पेयजल, बिजली, शौचालय और विश्राम गृहों के भी समुचित प्रबंध किए गए हैं। चारधाम यात्रा के आगामी पड़ावों के तहत केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल और बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे।
