प्रधानमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले के विष्णुपुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दलों ने मिलकर 2029 में महिला आरक्षण विधेयक को पारित होने से रोकने की साजिश रची थी और जनता उन्हें इसके लिए जरूर दंडित करेगी। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि देश के विकास के लिए अधिक से अधिक महिलाओं को राजनीति में आना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भाजपा महिला सशक्तिकरण की पर्याय है और पार्टी उनकी सुरक्षा व सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री ने टीएमसी और कांग्रेस को आदिवासी विरोधी करार देते हुए कहा कि राष्ट्रपति चुनाव के दौरान उन्होंने द्रौपदी मुर्मू के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतारा था। उन्होंने टीएमसी पर घुसपैठियों को लाभ पहुंचाने के लिए कानूनों का उल्लंघन करने और धर्म के आधार पर आरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे महिला सशक्तिकरण के विरोधी हैं। रैली में जुटी भीड़ को देखकर उन्होंने कहा कि यह जनसैलाब राज्य की ‘निर्मम सरकार’ के प्रति लोगों के गुस्से को दर्शाता है।
वहीं, पुरुलिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में भ्रष्टाचार और अत्याचार के कारण पश्चिम बंगाल की जनता में भय का माहौल व्याप्त है और अब लोग भाजपा पर विश्वास जता रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने ही आदिवासियों के विकास के लिए अलग मंत्रालय बनाया और उनके कल्याण के लिए विशेष धनराशि आवंटित की है। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी के कथित महा जंगलराज में आदिवासी बहुल जिले विकास और बुनियादी सुविधाओं से पूरी तरह वंचित रह गए हैं।
