रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में आज भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। दोपहर 1:30 बजे से ये रोमांचक मैच शुरू होगा। पहले वनडे में शानदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम सीरीज में 1-0 से आगे है।
पिछले मैच में विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने शानदार शतक जड़ा, जो उनके वनडे करियर का 52वां शतक था। उनकी बेहतरीन पारी की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 349 रन बनाए थे। गेंदबाजी में कुलदीप यादव ने भी कमाल दिखाया और चार विकेट झटके।
रांची में हुए पहले वनडे में कई बड़े रिकॉर्ड बने। रोहित शर्मा ने शाहिद अफरीदी के 351 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़कर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही ‘रो-को’ यानी रोहित और कोहली की जोड़ी ने भी एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। रोहित शर्मा और विराट कोहली ने मिलकर अब तक 392 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जो सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ की जोड़ी से ज्यादा हैं। आज देखना होगा कि भारतीय टीम इस लय को बरकरार रख पाती है या नहीं।
