मध्यप्रदेश पुलिस के "नशे से दूरी–है जरूरी" अभियान ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, ब्रिटिश पार्लियामेंट में होगा सम्मान
मध्यप्रदेश पुलिस के "नशे से दूरी–है जरूरी" अभियान ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया, 23 लाख लोगों की भागीदारी, डीजीपी मकवाणा को ब्रिटिश पार्लियामेंट में किया जाएगा सम्मानित।

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई 2025 तक चलाए गए राज्यव्यापी "नशे से दूरी–है जरूरी" अभियान ने वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में अपनी जगह बनाते हुए नया विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है। इस अनूठे जनजागरूकता अभियान में 57 जिलों के 1175 थानों ने हिस्सा लिया और लगभग 23 लाख लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से भागीदारी की, जबकि सोशल मीडिया के माध्यम से 6.35 करोड़ लोगों तक यह संदेश पहुंचा।
पुलिस मुख्यालय, भोपाल में वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के सीईओ संतोष शुक्ला ने डीजीपी कैलाश मकवाणा और एडीजी नारकोटिक्स के.पी. व्यंकटेश्वर राव को प्रमाणपत्र सौंपा। इस अवसर पर संस्था की जनरल सेक्रेटरी डॉ. तिथि भल्ला, एडिटर सुश्री अपूर्वा मेनन और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
डीजीपी श्री मकवाणा ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना केवल शासकीय नहीं बल्कि नैतिक दायित्व भी है। उन्होंने इस अभियान को मिले अंतर्राष्ट्रीय सम्मान को प्रदेश की पुलिस टीम, सामाजिक संस्थाओं और जनता के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि जनहित में बदलाव लाना था।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के सीईओ श्री शुक्ला ने मध्यप्रदेश पुलिस की सराहना करते हुए उन्हें 13 सितंबर को ब्रिटिश पार्लियामेंट में होने वाले सम्मान समारोह में आमंत्रित किया।