एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में गुरुवार को सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में मेजबान भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को 5-2 से हरा दिया। दिन के अन्य मैचों में जापान ने बांग्लादेश को 1-0 और मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से मात दी।
भारत की धमाकेदार जीत, सुखजीत और हरमनप्रीत चमके
चीन के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। भारत के लिए सुखजीत सिंह ने 12वें और 34वें मिनट में बेहतरीन फील्ड गोल दागे। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 27वें और 31वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद 47वें मिनट में जुगराज सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर भारत की 5-2 से जीत पक्की कर दी। चीन की ओर से पेंग यांग (26वें मिनट) और चोंगकोंग चेन (36वें मिनट) ने गोल किए।
मैच के दौरान पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उन्होंने पंजाब को देश का ‘हॉकी पावरहाउस’ बताते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों की सराहना की।
जापान और मलेशिया का भी शानदार प्रदर्शन
- जापान बनाम बांग्लादेश: जापान ने कड़े मुकाबले में बांग्लादेश को 1-0 से हराया। मैच का एकमात्र गोल राइकी फुजीशिमा ने 40वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए किया।
- मलेशिया बनाम दक्षिण कोरिया: मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से शिकस्त दी। मलेशिया के लिए अजीमुद्दीन कमरुद्दीन (10वां मिनट), मोहम्मद अखिमुल्लाह अनवर एसूक (36वां मिनट) और फैसल बिन सारी (50वां मिनट) ने गोल किए। दक्षिण कोरिया की तरफ से एकमात्र गोल सोंग हे-सोंग ने 31वें मिनट में दागा।
