प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा में 14,000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें अहमदाबाद मेट्रो फेज-2A (एयरपोर्ट एक्सटेंशन) और फेज-2B (गिफ्ट सिटी एक्सटेंशन) शामिल हैं। अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने बनासकांठा में एक भव्य रोडशो किया और पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के रूप में 19,000 करोड़ रुपये जारी किए।
अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने भिलडी (बनासकांठा) स्थित भारत ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर और एक आईवीएफ (IVF) प्रयोगशाला का निरीक्षण भी किया।
किसानों के हित में ऐतिहासिक कदम एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने हमेशा छोटे किसानों का ख्याल रखा है। उन्होंने बताया कि पीएम-किसान सम्मान निधि के तहत अब तक करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये सीधे छोटे किसानों के बैंक खातों में भेजे जा चुके हैं। इस नवीनतम किस्त से देश के लगभग 10 करोड़ किसानों के खातों में 18,000 करोड़ रुपये से अधिक स्थानांतरित किए गए हैं, जिसका लाभ गुजरात के भी 50 लाख से अधिक किसानों को मिला है।
एमएसपी (MSP) के मुद्दे पर पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछली सरकारें किसानों को सिर्फ धोखा देती थीं, जबकि एनडीए सरकार ने एमएसपी का वादा पूरा किया है। पिछले 12 वर्षों में गेहूं और धान के किसानों के खातों में एमएसपी के तहत 24 लाख करोड़ रुपये पहुंचाए गए हैं।
वैश्विक अनिश्चितताओं और गल्फ संकट पर बयान वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की तीव्र प्रगति दुनिया के लिए एक नई उम्मीद बनकर उभरी है। खाड़ी देशों (गल्फ) में जारी तनाव के बावजूद सरकार ने उर्वरकों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी कीमतों का बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया। उन्होंने इस बात पर दुख जताया कि जब देश चुनौतियों का सामना कर रहा होता है, तब कुछ लोग खाद और एलपीजी गैस की किल्लत जैसी अफवाहें फैलाने में जुट जाते हैं।
‘रन फॉर यूनिटी’ का आह्वान प्रधानमंत्री ने देशवासियों, विशेषकर युवाओं से सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली ‘रन फॉर यूनिटी’ में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से कामाख्या तक पूरा देश सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करे और ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को दोहराए।
