पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु, असम और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों के लिए वोटों की गिनती कल सुबह शुरू होगी। असम में विधानसभा चुनावों की मतगणना के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और राज्य के सभी 35 जिलों में बनाए गए 40 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सभी 126 सीटों के लिए मतों की गिनती की जाएगी। इस चुनाव में 59 महिलाओं सहित कुल 722 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कल होगा, जिसके लिए 9 अप्रैल को हुए मतदान में 85.96 प्रतिशत वोट डाले गए थे।
पश्चिम बंगाल में चुनाव अधिकारियों ने बताया कि राज्य भर के 77 मतगणना केंद्रों पर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसी तरह तमिलनाडु में मतगणना के कार्य के लिए कुल 10,545 कर्मियों को तैनात किया जाएगा, जिन्हें 4,624 सूक्ष्म पर्यवेक्षकों का सहयोग प्राप्त होगा। आकाशवाणी के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लिए एक-एक यानी कुल 234 मतगणना पर्यवेक्षक पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे ताकि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा सके।
पुडुचेरी में भी विधानसभा चुनाव के परिणामों के लिए विस्तृत सुरक्षा और निगरानी तंत्र के साथ सभी प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। पुडुचेरी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पी. जवाहर ने आकाशवाणी को बताया कि पूरी मतगणना प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों की देखरेख में पारदर्शी तरीके से संचालित की जाएगी। वहीं केरल में भी विधानसभा चुनावों के वोटों की गिनती के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
