पश्चिम बंगाल में इसी साल जुलाई महीने से आयुष्मान भारत योजना लागू की जाएगी। यह घोषणा राज्य के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कोलकाता में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नडडा के साथ हुई वर्चुअल बैठक के बाद की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की मौजूदा स्वास्थ्य योजना “स्वास्थ्य साथी” के लाभार्थियों को आयुष्मान भारत योजना में शामिल किया जाएगा। इससे राज्य के लोगों को केंद्र सरकार की स्वास्थ्य सुविधाओं का भी लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत आरोग्य मंदिर से जुड़े समझौता ज्ञापन पर जून महीने में नई दिल्ली में हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके अलावा राज्य में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्रों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है। वर्तमान में पश्चिम बंगाल में 117 जन औषधि केंद्र हैं, जिन्हें बढ़ाकर 469 करने की मांग की गई है।
मुख्यमंत्री ने यह भी जानकारी दी कि अलीपुरद्वार, कालिम्पोंग और दक्षिण दिनाजपुर जिलों में नए मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। साथ ही उत्तर बंगाल में एक नए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की स्थापना का प्रस्ताव भी केंद्र को सौंपा गया है।
राज्य सरकार का कहना है कि इन योजनाओं और नए स्वास्थ्य संस्थानों से पश्चिम बंगाल में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने में मदद मिलेगी तथा दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
