उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर क्वानू-मीनस मार्ग पर हुई बस दुर्घटना में घायल हुए यात्रियों का हालचाल जाना। मंगलवार सुबह कालसी तहसील क्षेत्र के अंतर्गत क्वानू-मीनस मार्ग पर हिमाचल परिवहन निगम की एक बस लगभग 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी, जिससे दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी।
इस हादसे में घायल हुए यात्रियों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ का इलाज दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।
मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से घायलों के इलाज की पूरी जानकारी ली और मेडिकल टीम को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम और समय पर इलाज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों के परिजनों से भी बातचीत की और उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उपचार में किसी भी तरह की कमी नहीं आने देगी।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से फोन पर बातचीत कर वहां इलाज करा रहे घायलों को भी संवेदनशील और बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री धामी ने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी आश्वस्त किया कि उत्तराखंड में भर्ती हिमाचल के सभी घायल यात्रियों का समुचित और निःशुल्क इलाज सुनिश्चित किया जा रहा है।
