उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आज बरेली पहुंचे। मुख्यमंत्री ने विधायक के आवास पर जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने पार्टी एवं सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा भी दिया।
गौरतलब है कि फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के लगातार दूसरी बार विधायक चुने गए डॉ. श्याम बिहारी लाल का कल आकस्मिक निधन हो गया था। बरेली सर्किट हाउस में बैठक के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत होने पर उन्हें तुरंत मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
डॉ. श्याम बिहारी लाल महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय में प्रोफेसर रह चुके थे और शैक्षणिक जगत में उनकी विशिष्ट पहचान थी। इसके अलावा उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में भी लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई थी। उनकी अचानक हुई इस असमय मौत से भाजपा कार्यकर्ताओं और शैक्षणिक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।
