भारत ने मंगलवार को ढाका के गरीब इलाकों से सोशल मीडिया पर लाइव स्ट्रीमिंग करने और उन दृश्यों को भारत का बताकर पेश करने वाले चीनी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इस हरकत को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस तरह के “झूठे विमर्श (फेक नैरेटिव)” फैलाने से केवल ऐसा करने वालों और उनके पीछे मौजूद तत्वों की साख ही गिरती है।
विदेश मंत्रालय का बयान अपनी नियमित प्रेस वार्ता में एक सवाल के जवाब में जायसवाल ने कहा, “हमने इस संबंध में खबरें देखी हैं। किसी देश की गलत तस्वीर पेश करने की ऐसी कोशिशें बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं। जहां तक विदेशी तत्वों द्वारा ढाका के कुछ हिस्सों को दिल्ली के इलाकों के रूप में पेश करने का सवाल है, हम संबंधित अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि वे ऐसे लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करें।”
क्या है पूरा मामला? बांग्लादेशी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, लगभग 150 चीनी नागरिक ढाका के टेकपारा और उत्तरा जैसे कम आय वाले इलाकों में सक्रिय हैं। वे वहां की तंग गलियों और झुग्गियों के फुटेज चीनी सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारित कर रहे हैं और उन्हें भारत के दृश्यों के रूप में दावा कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह भारत की छवि धूमिल करने के लिए चलाया जा रहा एक सुनियोजित दुष्प्रचार अभियान है।
शेख हसीना और नेपाल पीएम के दौरे पर जवाब
- शेख हसीना का प्रत्यर्पण: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की ढाका की मांग पर प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि यह एक कानूनी प्रक्रिया है और इस पर नियमानुसार ही कार्रवाई की जाएगी।
- नेपाल पीएम का भारत दौरा: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की संभावित भारत यात्रा पर उन्होंने बताया कि काठमांडू और नई दिल्ली के बीच बातचीत जारी है। भारत-नेपाल के बीच एक व्यापक और विशेष साझेदारी है, जिसमें आपसी हित के सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
