लखनऊ: उत्तर प्रदेश को देश की ‘डीप टेक कैपिटल’ बनाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में अत्याधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि राज्य सरकार ने नोएडा और कानपुर में ड्रोन टेक्नोलॉजी के लिए ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ (CoE) स्थापित करने हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आईआईटी कानपुर और नोएडा में स्थित ये केंद्र भारतीय रक्षा बलों की आवश्यकताओं के अनुरूप ड्रोन निर्माण और नवाचार (Innovation) में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य रक्षा बलों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर स्वदेशी तकनीक को विकसित करना है।
इस पहल के तहत नोएडा में प्रस्तावित ‘यूपी डीप-टेक हब’ स्टार्टअप्स, अनुसंधान संस्थानों और उद्योगों के लिए एक केंद्रीय मंच के रूप में कार्य करेगा। सरकार का लक्ष्य “आईआईटी कानपुर में रिसर्च और नोएडा से डिप्लॉयमेंट” के मॉडल पर काम करना है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे उभरते क्षेत्रों में भी नए कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
