पश्चिम बंगाल में नव निर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री Narendra Modi और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहे। समारोह के दौरान विभिन्न राज्यों से पहुंचे मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
मुख्यमंत्री धामी ने पश्चिम बंगाल के नव निर्वाचित मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी और उनकी मंत्रिपरिषद को शपथ ग्रहण की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सुवेंदु अधिकारी का नेतृत्व और दूरदर्शी सोच पश्चिम बंगाल को विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयामों तक पहुंचाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ राज्य के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के बीच समन्वय बेहद आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार के गठन के बाद पश्चिम बंगाल में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और राज्य सर्वांगीण प्रगति की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों से आए जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रीय राजनीति, विकास योजनाओं और राज्यों के बीच सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश के सभी राज्यों का समन्वित विकास ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करेगा।
