गिरिराज सिंह का विपक्ष पर हमला: मस्जिदों में घुसपैठियों को पनाह, ममता बनर्जी और राहुल गांधी पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर तीखा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि मस्जिदों में घुसपैठियों को पनाह दी जाती है। ममता बनर्जी पर बंगाल को घुसपैठियों का गढ़ बनाने का आरोप और राहुल गांधी की यात्रा को ‘रोहिंग्या बचाओ यात्रा’ बताया।

गिरिराज सिंह का विपक्ष पर हमला: मस्जिदों में घुसपैठियों को पनाह, ममता बनर्जी और राहुल गांधी पर साधा निशाना

पटना। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर करारा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में घुसपैठियों को मस्जिदों के संरक्षण में पनाह दी जा रही है और यह सिलसिला कोई नया नहीं बल्कि 1971 से लगातार जारी है।

गिरिराज सिंह ने कहा, “पिछले 11 वर्षों से मोदी सरकार देश में घुसपैठियों की पहचान कर रही है। जहां-जहां भाजपा की सरकारें हैं, वहां इस पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। मस्जिदों में घुसपैठियों को बसाने का काम हुआ है और पूरा समाज इससे वाकिफ है।”

ममता बनर्जी पर सीधा वार

सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को घेरते हुए कहा कि उन्होंने बंगाल के 25 जिलों को घुसपैठियों का गढ़ बना दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब बिहार में भी अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और बेगूसराय जैसे जिलों में स्थिति चिंताजनक होती जा रही है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि यदि केंद्र और बिहार में पुनः भाजपा की सरकार बनती है, तो 1971 के बाद आए सभी घुसपैठियों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये लोग भारतवासियों के अधिकार छीन रहे हैं, चाहे वे किसी भी जाति या समुदाय के हों।

विपक्ष पर तीखा प्रहार

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधा। सिंह ने कहा, “ये लोग सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करते हैं। राहुल गांधी की यात्रा वास्तव में ‘रोहिंग्या और घुसपैठिए बचाओ यात्रा’ थी।”

उन्होंने राहुल गांधी को “अर्बन नक्सल” करार दिया और तेजस्वी यादव पर भी कटाक्ष किया, हालांकि उनके लिए कोई विशेष टिप्पणी नहीं की।

धीरेंद्र शास्त्री के बयान का समर्थन

मंदिरों और मस्जिदों में राष्ट्रगान गाने के सुझाव पर धीरेंद्र शास्त्री का समर्थन करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा, “राष्ट्रगान राष्ट्र की आराधना है। इसकी गरिमा और महत्ता सर्वोपरि है, फिर आपत्ति कैसी? यह प्रत्येक भारतीय का दायित्व होना चाहिए।”