पीएम मोदी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने बंकिम चंद्र को एक महान साहित्यकार बताते हुए कहा कि उनकी रचनाओं ने भारतीयों की कई पीढ़ियों में देशभक्ति और सांस्कृतिक गौरव की भावना को जागृत किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के माध्यम से बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र को प्रेरणा का एक अमिट स्रोत दिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि बंकिम चंद्र का साहित्य आज भी राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प को मजबूती देता है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि देश इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मना रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह रचना आज भी राष्ट्रीय चेतना, एकता और आत्मगौरव का प्रतीक बनी हुई है।
इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शाहूजी महाराज को की जयंती पर भी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि शाहूजी महाराज सामाजिक न्याय और समानता के प्रबल समर्थक थे। उन्होंने वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरित कर रहे हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने अपनी अमर कृति ‘आनंदमठ’ और ‘वंदे मातरम्’ के माध्यम से भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को नई ऊर्जा, प्रेरणा और वैचारिक आधार प्रदान किया। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ आज भी राष्ट्रीय एकता और आत्मगौरव का संदेश दे रहा है।
