नई दिल्ली में आज प्रधानमंत्री मोदी और मिन आंग ह्लाइंग के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारत और म्यांमार के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को और मजबूत बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। बैठक में दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग, संपर्क एवं कनेक्टिविटी परियोजनाओं सहित द्विपक्षीय संबंधों के व्यापक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग आज शाम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। उनके कार्यक्रम में राष्ट्रीय राजधानी स्थित राय पिथौरा सांस्कृतिक परिसर में आयोजित ‘लाइट एंड द लोटस: रेलिक्स ऑफ द अवेकन्ड वन’ प्रदर्शनी का भ्रमण भी शामिल है। इस प्रदर्शनी में भगवान बुद्ध से जुड़े पवित्र अवशेषों और बौद्ध विरासत को प्रदर्शित किया गया है।
म्यांमार के राष्ट्रपति शनिवार को पांच दिवसीय भारत यात्रा पर बिहार के गया पहुंचे थे। उनके साथ कई कैबिनेट मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है। वर्तमान पदभार संभालने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है।
अपने दौरे के दौरान राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग मंगलवार को मुंबई भी जाएंगे, जहां वे व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें करेंगे तथा विभिन्न औद्योगिक स्थलों का दौरा करेंगे।
भारत की ‘नेबरहुड फर्स्ट’, ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘महासागर’ नीतियों के दृष्टिकोण से म्यांमार का विशेष महत्व है। ऐसे में राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग की यह आधिकारिक यात्रा दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों को और अधिक गहरा तथा मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
