प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज असम के नागांव जिले के कालीआबोर में 6,950 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली काज़ीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना की आधारशिला रखी। यह परियोजना न केवल क्षेत्रीय संपर्क को मजबूत करेगी, बल्कि काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की जैव विविधता की रक्षा के लिए भी मील का पत्थर साबित होगी। 86 किलोमीटर लंबे इस राष्ट्रीय राजमार्ग प्रोजेक्ट को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ डिजाइन किया गया है, जिसमें 35 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर भी शामिल है, जो सीधे काज़ीरंगा राष्ट्रीय उद्यान से होकर गुजरेगा।
यह परियोजना नागांव, कार्बी आंगलोंग और गोलाघाट जिलों से होकर गुजरेगी और ऊपरी असम, विशेषकर डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराएगी। एलिवेटेड वाइल्डलाइफ कॉरिडोर के निर्माण से जंगली जानवरों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी और मानव-वन्यजीव संघर्ष में कमी आएगी। साथ ही यह सड़क सुरक्षा बढ़ाने, यात्रा समय घटाने और बढ़ते यात्री एवं माल परिवहन को सुगम बनाने में भी सहायक होगी।
कालीआबोर में विकास कार्यों के शुभारंभ के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि काज़ीरंगा केवल एक राष्ट्रीय उद्यान नहीं, बल्कि असम की आत्मा है। उन्होंने याद दिलाया कि यूनेस्को ने काज़ीरंगा को विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता दी है और हाल के वर्षों में यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ी है। प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि काज़ीरंगा और उसके वन्यजीवों की रक्षा करना केवल पर्यावरण संरक्षण का विषय नहीं, बल्कि असम के भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी भी है।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने असम की भाजपा सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार जिस तरह से अवैध घुसपैठ पर नियंत्रण, वन संरक्षण, धार्मिक-सांस्कृतिक धरोहरों की रक्षा और अतिक्रमण हटाने के लिए काम कर रही है, उसकी सराहना पूरे देश में हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दशक में देश में वन और वृक्ष आवरण में वृद्धि हुई है और अब तक “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत 260 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उनके अनुसार, भारत दुनिया को यह दिखा रहा है कि प्रकृति और विकास साथ-साथ आगे बढ़ सकते हैं।
राजनीतिक संदर्भ में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा आज देशभर में लोगों की पहली पसंद बन चुकी है और पिछले डेढ़ वर्षों में पार्टी में जनता का विश्वास लगातार बढ़ा है। उन्होंने बिहार और महाराष्ट्र के हालिया चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि लोगों ने रिकॉर्ड जनादेश देकर भाजपा पर भरोसा जताया है। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अपने शासनकाल में उसने असम के विकास के लिए गंभीर प्रयास नहीं किए, जबकि आज भाजपा पूरे देश में विकास और सुशासन की प्राथमिकता बन चुकी है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कालीआबोर से दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। इनमें कामाख्या–रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़–लखनऊ (गोमती नगर) अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये ट्रेनें क्षेत्रीय संपर्क को और मजबूत करेंगी और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेंगी।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में लोगों से जैव विविधता की रक्षा करने की अपील करते हुए कहा कि प्रकृति हमें अनेक अवसर देती है और इसे सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दोहराया कि जनता अच्छे शासन और विकास की मांग करती है और भाजपा इन दोनों मोर्चों पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
