केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की रीफिल बुकिंग को लेकर बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने बताया कि तेल विपणन कंपनियों (OMCs) को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समान रूप से 25 दिन के रीफिल बुकिंग अंतराल को तत्काल लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से बताया कि देश में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति में सुधार हुआ है और रीफिल बुकिंग का लंबित बैकलॉग भी काफी कम हुआ है। इसे देखते हुए केंद्र सरकार ने बुकिंग से जुड़ी पाबंदी में राहत देने का फैसला किया है।
अब सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ता, चाहे वे शहरी क्षेत्र में रहते हों या ग्रामीण क्षेत्र में, पिछली बुकिंग के 25 दिन बाद नया सिलेंडर बुक कर सकेंगे। पेट्रोलियम मंत्रालय ने इस संबंध में सभी तेल विपणन कंपनियों को तत्काल बदलाव लागू करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष के कारण एलपीजी आपूर्ति पर दबाव बढ़ने के बाद बुकिंग अंतराल में बदलाव किया गया था। इसके तहत शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर एलपीजी रीफिल बुक करने की व्यवस्था लागू की गई थी। अब आपूर्ति में सुधार के बाद ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए भी यह अंतराल घटाकर 25 दिन कर दिया गया है।
